रोहतक।। हरियाणा के रोहतक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक परिवार पर अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला झूठी शान के नाम पर कत्ल का दिखाई दे रहा है।
परिवार पर आरोप है कि उन्होंने अपनी लड़की के दोस्त की पहले तो गला काटकर हत्या कर दी और फिर शव को उसके घर के सामने फेंक दिया। बाद में लड़की की भी हत्या कर दी।
खबर मिलने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो लड़की का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की के शव के अवशेषों को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ दिल्ली आ गए थे, लेकिन लड़की के परिवार को इसका पता चल गया था और उन्हें गांव लाया गया और उसके बाद दोनों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने लड़की के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।