बस्ती :रविवार की रात में बारात से वापस लौट रही स्कार्पियों बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गयी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गयी जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। घटना लालगंज थाना क्षेत्र बस्ती महुली मार्ग पर मुड़कट्टी गांव के निकट की है। मिली जानकारी के अनुसार कुदरहा बाजार से स्कार्पियों संख्या यूपी 32 एएस 6565 पर सवार होकर लोग बारात में बस्ती आये थे। रात करीब 12.300 बजे वे वापस कुदरहा जा रहे थे।
इसी बीच रविवार की शाम आये आंधी तूफान में मुड़कट्टी गांव के निकट एक पेड़ सड़क पर धराशायी हो गया था। स्कार्पियों का चालक मौके पर पहुंचा तो सड़क पर पेड़ देखकर हड़बड़ा गया और स्कार्पियो बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गयी। घटना में कुदरहा बाजार के रामसुरेश पुत्र रामप्रसाद (40), बृजेश पुत्र राधेश्याम (30) तथा राजकिशोर पुत्र रामलखन (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि गाड़ी में सवार दीपक, श्यामसुन्दर तथा राघवराम घायल हो गये। मुडकट्टी निवासी कमलेश पेड़ की टहनी काट रहे थे, वे भी हादसे का शिकार हो गये। सूचना पाकर मौके पर पहुचे लालगंज पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। कुछ लोगों का कहना है कि स्कार्पियो चालक ने शराब पी रखी थी। घटना के बाद कुदरहा बाजार में मातम पसर गया है।