पटना।। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वाचल के मतदाताओं को लुभाने के मकसद ने भाजपा ने सुप्रसिद्ध भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी को पार्टी में शामिल कर लिया है। बृहस्पतिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई।
दिल्ली के प्रभारी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी नेअपने आवास पर मनोज तिवारी के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल, दिल्ली चुनाव के सह-प्रभारी आरके सिन्हा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता भी मौजूद थे। इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि आने वाले चुनाव में दिल्ली की जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
साथ ही उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि उन्हें भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विजय गोयल ने कहा कि मनोज तिवारी की अपार लोकप्रियता है। इससे भाजपा को फायदा पहुंचेगा।