पटना।। बेलसर ओपी क्षेत्र के पटेढ़ा जयराम गांव में तीन माह पूर्व हुई हत्या के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर रविवार को लोगों ने हमला कर दिया। आक्रोशितों ने पुलिस जीप फूंक दी। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
जानकारी के मुताबिक बेलसर पुलिस हत्या के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पटेढ़ा जयराम गांव पहुंची थी। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही लोग वहां जुट गए और हो-हंगामा करने लगे। पुलिस पर अभियुक्तों को बचाने का आरोप लगाकर पहले तो लोगों ने पुलिस जीप पर लाठी-डंडे से हमला कर शीशा तोड़ दिया। इसके बाद जीप में आग लगा दी। अभियुक्तों के घर के बगल में स्थित भूसा घर में आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में मदन मोहन सिंह को गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि तीन माह पूर्व पटेढ़ा जयराम गांव में सोए अवस्था में एक वृद्ध व्यक्ति त्रिलोकी नाथ सिंह की हत्या गड़ांसे से काट कर कर दी गई थी। कांड में पांच लोगों को अभियुक्त बनाया गया था। उक्त कांड में एक की गिरफ्तारी हुई थी। चार की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई थी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष की मौत पर उपद्रव : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग- 77 पर रविवार की दोपहर भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर चौक पर अनियंत्रित जय माता दी नामक बस ने बाइक सवार भाजपा जिला उपाध्यक्ष तारकेश्वर पांडे को टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में उनके चचेरे भाई बाल-बाल बच गए। बस चालक बस लेकर फरार हो गया। विरोध में ग्रामीणों ने इमादपुर चौक के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान दर्जनभर वाहनों में तोड़फोड़ की और एक बस में आग लगा दी।
बताया जाता है कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के हांसी केवल गांव निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष तारकेश्वर पांडे एवं अशोक पांडे बाइक से सराय में आयोजित विश्व हिन्दू परिषद की बैठक में भाग लेने जा रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुजफ्फरपुर से पटना जा रही शाही तिरूपति बस को आग के हवाले कर दिया। सड़क जाम कर दी। पुलिस कप्तान सुरेश प्रसाद चौधरी और भाजपा विधायक नित्यानंद राय की पहल पर सड़क जाम खत्म हुआ।