अयोध्या।। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में विश्व हिन्दू परिषद आज संकल्प दिवस रैली निकालने जा रहा है।
इस रैली को उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही बैन कर चुकी है इसीलिए हालात के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा-व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
गुरुवार को ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस रैली में शामिल होने जा रहे 350 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें बीजेपी विधायक लालू सिंह भी शामिल हैं। साथ ही 42 नेताओं को उनके घर में नजरबंद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, विश्वहिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल होने से रोकने के लिए करीब 2000 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।
साथ ही सरयू पुल से पहले ही उन्हें रोक देने के लिए बैरियर भी लगाए गए हैं। वहीं पुलिस लाइन में एक अस्थाई जेल भी बनाई गई है।
दरअसल, विश्व हिन्दू परिषद ने इस रैली का आयोजन राम मंदिर को बनाने के लिए एक आंदोलन की शुरुआत करने के लिए किया है, लेकिन रैली पर बैन लगाए जाने के बाद वीएचपी नेता अशोक सिंहल ने यूपी सरकार की कड़ी आलोचना की है।